जशपुर
जशपुरनगर, 14 अक्टूबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत करने के बाद पुन: शामिल करने के नाम पर अवैध रूप से 2 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ग्राम बटुराबहार निवासी प्रार्थी गोपाल बंजारा (31 वर्ष) ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। इसके बाद पुन: समाज में शामिल करने की एवज में तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा द्वारा पैसों की मांग की गई।
पीडि़त के अनुसार, उसने तत्कालीन अध्यक्ष शेखर बंजारा को 2 लाख रुपये देने की बात तय की थी, जिसमें से 23 सितंबर 2022 को फोन-पे और बैंक खातों के माध्यम से 1 लाख रुपये ट्रांसफर भी किए गए थे। इसके बावजूद दोबारा पैसे मांगे जाने से परेशान होकर पीडि़त ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर हुआ अपराध दर्ज
न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के निर्देश पर थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा में मामला दर्ज किया गया। चूंकि घटना थाना पत्थलगांव क्षेत्र की थी, इसलिए मामला पत्थलगांव थाने को ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने क्चहृस् की विभिन्न धाराओं और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना और बैंक ट्रांजैक्शन की पुष्टि के बाद, पत्थलगांव पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा निवासी बटुराबहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध साबित होने पर आरोपी को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि समाज में किसी को बहिष्कृत कर अवैध वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।