जशपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 8 अक्टूबर। जशपुर जिले की थाना पत्थलगांव पुलिस ने कक्षा 12वीं की नाबालिग छात्रा का पीछा कर अश्लील हरकत करने, छेड़छाड़ करने तथा जबरन कार में बिठाने का प्रयास करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बस के इंतजार के दौरान की हरकत
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 31 अगस्त को थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी 16 वर्षीय नाबालिग भांजी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करती है। 30 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे वह मौसी के घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव (19 वर्ष) अपनी कार से वहां पहुंचा। आरोपी ने छात्रा को अश्लील इशारे किए और कार से उतरकर जबरन उसका हाथ पकड़ लिया। आरोपी उसे अपने साथ कार में ले जाने का दबाव बनाने लगा।
छात्रा के चिल्लाने पर भागा आरोपी
छात्रा ने जब विरोध करते हुए शोर मचाया, तो आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। पीडि़ता के अनुसार आरोपी पहले भी उसका पीछा कर अश्लील हरकतें करता रहा था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 74, 351(2) बीएनएस तथा धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
फरार आरोपी को गांव से दबोचा
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम की सतत पतासाजी के बाद 7 अक्टूबर को आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।