जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 7 अक्टूबर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए संभागीय आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा की टीम ने बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम झिक्की में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने एक मकान में दबिश देकर तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई मध्यप्रदेश राज्य की 35 पेटी (1750 पाव) अवैध ‘गोवा व्हिस्की’ शराब बरामद की है। मामले में आरोपी सुदर्शन गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मंगलवार की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झिक्की निवासी सुदर्शन गुप्ता के घर पर भारी मात्रा में दूसरे राज्य से लाई गई अवैध शराब उतारी गई है। सूचना की विश्वसनीयता पर आबकारी उडऩदस्ता टीम ने बुधवार तडक़े सुदर्शन गुप्ता के मकान पर घेराबंदी कर दबिश दी।
घर के पीछे तिरपाल में छिपाई थी 35 पेटी शराब
तलाशी के दौरान आरोपी के मकान के पीछे बरामदे में तिरपाल से ढककर रखी गई 35 पेटियों में कुल 1750 नग (315 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की बरामद की गई। जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2,50,000 रुपये (2.5 लाख रुपये) आंकी गई है।
आरोपी सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।