जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 अक्टूबर। ओडिशा सीमा से लगे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक भी ज़ब्त किया गया है। कुल ज़ब्ती की कीमत 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे मुखबिर की सूचना पर लावाकेरा बॉर्डर पर नाकाबंदी कर ओडिशा की ओर से आ रहे आइशर मिनी ट्रक यूपी 71-टी-6592 को रोका गया। वाहन सवार चालकों ने ट्रक में ओडिशा से यूपी ले जाई जा रही मिर्ची की बोरियां लोड होने की बात कही। संदेह होने पर जब पुलिस ने ऊपरी बोरियों को हटाकर गहराई से तलाशी ली, तो नीचे 14 बोरियों में टेप से लिपटे गांजे के 440 पैकेट मिले। वैध दस्तावेज़ पेश न करने पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वसीम (28 वर्ष) और मोहम्मद आसिफ (34 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना धूमनगंज (जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की यह खेप ओडिशा के बौद्ध क्षेत्र से प्रयागराज ले जा रहे थे। तपकरा थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
अब तक 8 करोड़ का गांजा ज़ब्त
उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के कुल 16 मामलों में लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य का 1906 किलोग्राम गांजा ज़ब्त कर 22 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही 18 वाहन भी ज़ब्त किए गए हैं। नशे के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है। गांजा कहां से खरीदा गया था और यूपी में किसे सप्लाई किया जाना था, इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।