जशपुर

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी बंदी
03-Oct-2026 8:14 PM
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 3 अक्टूबर। थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में मिले अज्ञात पुरुष के शव की गुत्थी को जशपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। मोबाइल के महज 1,000 रुपये के लेनदेन विवाद में हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही की। मृतक के सिर के पीछे चोट के गंभीर निशान थे और बाद में जंगली जानवर द्वारा चेहरे को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी।

थाना बगीचा में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा हत्या की पुष्टि की गई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 103(1) क्चहृस् के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की तकनीकी जांच और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30), निवासी ग्राम झगरपुर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक राजेश दास से उसका मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को आरोपी और मृतक कार से जुरगुम रपटा पुलिया की ओर गए थे, जहां पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर आरोपी ने कार रोककर राजेश को नीचे उतारा और जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया।

अपराध को छिपाने के लिए आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया, जबकि घटना के समय पहने कपड़े डोडक़ी नदी में बहा दिए। इतना ही नहीं, उसने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को धोकर खून के धब्बे और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

 पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव को गिरफ्तार कर धारा 103(1) क्चहृस् (हत्या) एवं साक्ष्य नष्ट करने की धारा 238  के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट