जशपुर

पत्थलगांव बिजली हादसा: जेई निलंबित, कलेक्टर ने गठित की जांच टीम, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
01-Oct-2026 7:15 PM
पत्थलगांव बिजली हादसा: जेई निलंबित, कलेक्टर ने गठित की जांच टीम, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 1 अक्टूबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली खंभा गाडऩे के दौरान 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आने से हुई दो मजदूरों की मौत और दो के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पत्थलगांव के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, कलेक्टर रोहित व्यास ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच दल का गठन किया है।

छ.ग. स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (कुनकुरी वृत्त) के अधीक्षण अभियंता ने कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता श्री अमृत बेक को शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने का दोषी पाते हुए तुरंत निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यपालन अभियंता कार्यालय (जशपुर) तय किया गया है। नियम अनुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

कलेक्टर रोहित व्यास ने एसडीएम (राजस्व) पत्थलगांव की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को 3 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।

जांच दल के सदस्य में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पत्थलगांव (अध्यक्ष),  संभागीय अभियंता, छ.ग. राज्य विद्युत कंपनी, कुनकुरी,  कार्यपालन अभियंता, छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी, जशपुर, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जशपुर हैं।

जांच दल को सभी संबंधितों के बयान दर्ज कर और अभिलेखों की जांच कर 3 दिवस के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

पाकरगांव हादसे पर सीएम ने जताया दु:ख

मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख की आर्थिक सहायता

हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जशपुरनगर, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने घटना में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते  तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए? थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव के विघुत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन को पीडि़त परिवारों को हर आवश्यक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार की बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 


अन्य पोस्ट