जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर, 28 सितंबर। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रकाश तिवारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और समीक्षा बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। इसी क्रम में 19 सितंबर को ग्राम पोरतेंगा, 20 सितंबर को ग्राम पंचायत गम्हरिया और 25 सितंबर को ग्राम पंचायत सिटोंगा में जनसंपर्क एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठकों में उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। श्री तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को अपनी डायरी में दर्ज किया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष और पत्राचार के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया। उनका कहना है कि पात्र ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और जिन लोगों के नाम किसी कारणवश छूट गए हैं, उन्हें योजनाओं से जोडऩे के लिए वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं।
केंद्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी दी
बैठकों में तिवारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, आयुष्मान भारत, महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, रानी दुर्गावती योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, मुख्यमंत्री सुगम सडक़ योजना, सौर सुजला और कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश और देश में विकास कार्य होने का दावा किया। साथ ही कांग्रेस शासन और भाजपा की विकास नीतियों को लेकर भी अपनी बात ग्रामीणों के सामने रखी। राम मंदिर और भारतमाला परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
आगामी चुनाव को लेकर भी किया संवाद
समीक्षा बैठकों में तिवारी ने भाजपा किसान मोर्चा को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए सुरक्षित, विकसित और सुशासन युक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की बात कही। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।