जशपुर
शेखरपुर में जीवंत है ‘गज श्रद्धा’ की अनोखी परंपरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 25 सितंबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखरपुर में इंसानों और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व व आस्था का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है। यहाँ ग्रामीण वर्षों से ‘गज श्रद्धा’ की परंपरा को पूरे उल्लास के साथ निभा रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 में विद्युत करंट की चपेट में आने से दो जंगली हाथियों की अकाल मृत्यु हो गई थी। ग्रामीणों ने हाथियों को भगवान श्री गणेश का स्वरूप मानते हुए पूरे हिन्दू रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया और उसी स्थल पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की। तब से हर साल गणेश चतुर्थी के अवसर पर यहाँ विशेष पूजा-अर्चना और उत्सव का आयोजन किया जाता है।
वन्यजीव संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व का संदेश देने के उद्देश्य से हाल ही में वन विभाग द्वारा ग्राम शेखरपुर में गजरथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को हाथियों के स्वभाव, उनकी सुरक्षा और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ इस भावुक और प्रेरणादायी आयोजन का समापन हुआ। वन विभाग ने ग्रामीणों की इस आस्था और पहल की सराहना करते हुए इसे प्रकृति, संस्कृति और वन्यजीव संरक्षण के अद्भुत समन्वय की मिसाल बताया।