जशपुर

अपार कॉलेज ऑफ फार्मेसी में 25 से मनाया जाएगा विश्व फार्मासिस्ट दिवस
24-Sep-2026 4:00 PM
अपार कॉलेज ऑफ फार्मेसी  में 25 से मनाया जाएगा विश्व फार्मासिस्ट दिवस

एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाने विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुर, 24 सितंबर। जशपुर जिला के बोदाछापर, पतराटोली स्थित अपार कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अवसर पर 25 सितंबर से विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘रचनात्मक बनें, जागरूकता फैलाएं और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से लड़ें’ रखी गई है। कार्यक्रम में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए हास्य एवं संदेशपरक कार्टून, पोस्टर प्रस्तुति, फार्मेसी प्रश्नोत्तरी, पर्चा निर्माण, नुक्कड़ नाटक और वीडियो रील निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कार्टून प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को एएमआर विषय पर रचनात्मक संदेश देने होंगे। वहीं पोस्टर प्रस्तुति में रोगाणुरोधी प्रतिरोध, संक्रमण नियंत्रण, टीकाकरण, रोगाणुरोधी दवाओं के तर्कसंगत उपयोग, एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण, डिजिटल स्वास्थ्य और नवीन उपचार पद्धतियों जैसे विषय शामिल होंगे।

फार्मेसी प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों के फार्मेसी एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा। पर्चा निर्माण प्रतियोगिता में विश्व फार्मेसी दिवस और एएमआर से जुड़ी जागरूकता सामग्री तैयार कराई जाएगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों तक रोगाणुरोधी प्रतिरोध और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। वहीं वीडियो रील निर्माण के जरिए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के रचनात्मक उपयोग से फार्मेसी एवं एएमआर के प्रति जागरूकता फैलाने का अवसर मिलेगा।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, फार्मेसी संबंधी ज्ञान, जनजागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। साथ ही रोगाणुरोधी दवाओं के उचित एवं तर्कसंगत उपयोग तथा इनके प्रति बढ़ते प्रतिरोध के प्रति लोगों को जागरूक करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। आयोजन में फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी एवं प्रतिभागी शामिल होंगे।


अन्य पोस्ट