जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 10 सितंबर। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और शिक्षकों के उत्पीडऩ के आरोपों की जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर रोहित व्यास ने तीन अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की है। इनमें बीआरसीसी देवेंद्र सिंह को निलंबित और बीईओ व एबीईओ को कार्यालय अटैच किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) देवेंद्र सिंह को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पत्थलगांव नियत किया गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दुर्गेश देवांगन को फरसाबहार से हटाकर जिला पंचायत जशपुर में संलग्न किया गया है। फरसाबहार बीईओ का अस्थाई प्रभार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्रभारी प्राचार्य सी.आर. भगत को सौंपा गया है।
प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ ) रवीन्द्रनाथ साय को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जशपुर में संलग्न किया गया है। कार्यालय जिला पंचायत जशपुर द्वारा गठित जांच टीम की 8 सितंबर की रिपोर्ट में शिक्षकों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए अवैध वसूली, मानसिक उत्पीडऩ और शक्तियों के दुरुपयोग के आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए थे, जिसके उपरांत यह आदेश जारी किया गया।