जशपुर

8 मवेशी बरामद, 6 आरोपी बंदी
04-Sep-2026 8:50 PM
8 मवेशी बरामद, 6 आरोपी बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 4 सितंबर।
जशपुर जिले में गौ-तस्करी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 8 मवेशी बरामद कर 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं दो पुराने मामलों में संलिप्त 5 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

2 सितंबर की रात्रि पुलिस टीम ने ग्राम हर्राडांड के पास सूचना के आधार पर कार्रवाई की। घेराबंदी कर पैदल मवेशी ले जा रहे अशोक कुमार यादव ग्राम वासुदेवपुर, थाना दुलदुला को हिरासत में लिया गया। आरोपी द्वारा परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर उसके पास से 8 मवेशी बरामद किए गए।  पुलिस ने मौके से एक मोबाइल और लकड़ी का डंडा जब्त किया है।

थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पूर्व में दर्ज मवेशी परिवहन के दो मामलों (6 जनवरी 2026 और 22 फरवरी 2026) की जांच के दौरान 5 अन्य आरोपियों बीरबल राम भगत, मोहम्मद अफसर खान, शाहिद खान, मुस्तकीम खान, ताजुद्दीन खान सभी निवासी जशपुर को गिरफ्तार किया है।

इन सभी आरोपियों को जांच में नाम सामने आने के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक पशु परिवहन के 86 मामलों में 985 मवेशी बरामद किए गए हैं तथा 92 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान परिवहन में प्रयुक्त 31 वाहन जब्त किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, अवैध पशु परिवहन पर नियंत्रण हेतु जांच अभियान जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट