जशपुर

महिला समूहों के साढ़े 9 लाख डकारे, फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट बंदी
04-Sep-2026 8:50 PM
महिला समूहों के साढ़े 9 लाख डकारे, फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

जशपुरनगर, 4 सितंबर। जशपुर पुलिस ने भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के पूर्व कलेक्शन एजेंट को 15 महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से वसूले गए 9.46 लाख रुपये कंपनी में जमा न करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में धारा 409 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।

कंपनी के कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान द्वारा 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के मध्य 15 महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से किश्त के रूप में कुल 9,46,049 रुपये एकत्र किए गए थे।

आरोप है कि यह राशि कंपनी खाते में जमा नहीं की गई। विभागीय जांच के दौरान किश्त वसूली की पुष्टि होने पर आरोपी द्वारा 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से राशि जमा करने हेतु तीन माह का समय लिया गया था, किंतु समयावधि पूर्ण होने पर भी राशि जमा नहीं की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान जशपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी की रिमांड लेकर राशि की बरामदगी एवं अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट