जशपुर
12 राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 29 अगस्त। जशपुर में पहली बार ‘चेकमेट एट जशपुर-अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाडिय़ों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
प्रशासन एवं खेल विभाग तथा जशपुर जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों के 175 खिलाड़ी और कोच शामिल हुए हैं। इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के महामंत्री योगेश बापट, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय अन्य जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी- कोच बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाडिय़ों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि भारत में हर साल 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है और मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है कि प्रकृति के बीच बसा जशपुर सुंदरवादियों में स्व. दिलीप सिंह जूदेव की जन्मस्थली में अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शतरंज परम्परा और संस्कृति से जुड़ा हुआ खेल है। शतरंज हमें जीवन जीने की जीने की कला सिखाती है। जीवन में धैर्य रखना कोई कदम आगे बढ़ाने से पहले सोचना और निर्णय लेने की सीख शतरंज हमें सिखाती है। कठिन समय में धैर्य न खोना, एकाग्रता बनाए रखना,सोच समझकर आगे चलना और हर चुनौती का सामना करना सिखाती है। शतरंज का खेल में 64 खानों और 32 मोहरों में जीवन का सीख छिपा हुआ है। भारत के विश्व प्रसिद्ध शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने भारत का गौरव बढ़ाया है और ऐसे ही खिलाड़ी आगे हमें तैयार करना है।
अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जशपुर वनांचल जिले में ऐसी प्रतियोगिता करना बड़ा ही गौरव का विषय है। इससे यहां के खिलाडिय़ों को भी आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शतरंज भारत का प्राचीन खेलों में सुमार है।
इस खेल में आयु सीमा का कोई बंधन नहीं है। दादा और पोता दोनों साथ खेल सकते हैं। इस खेल से मन की एकाग्रता, अनुशासन शांती से खेलना,और रणनीति बनाने और धैर्य बनाने की सीख मिलती है। खेल की विशेषता है कि खिलाड़ी जीतता या सीखता है हारता नहीं है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत ने खिलाडिय़ों का उत्साह वर्धन किया और कहा कि हमारे जशपुर के लिए गौरव का क्षण है कि हमें अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर मिला है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जशपुर में द्वितीय संस्करण में शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जशपुर में खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने के लिए खेल अधोसंरचना को बढ़ाया जा रहा है।
जशपुर में खिलाडिय़ों के लिए इंडोर स्टेडियम, कुनकुरी स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसी प्रकार फूटबॉल स्टेडियम, रॉक क्लाइंबिंग, क्रिकेट मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रतियोगिता में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य श्रेणी में विजेता को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न रेटिंग, महिला, वरिष्ठ, आयु वर्ग तथा जशपुर एवं सरगुजा संभाग के खिलाडिय़ों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता आठ चक्रों में फिडे स्विस प्रणाली के अनुसार होगी।
इस अवसर पर जशपुर एसडीएम विश्वास राव मस्के, बगीचा एसडीएम समीर बड़ा, अध्यक्ष अशोक लकड़ा उपस्थित थे।