जशपुर

मोबाइल दुकान में चोरी, झारखंड से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
26-Aug-2026 6:34 PM
मोबाइल दुकान में चोरी, झारखंड से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 26 अगस्त। कुनकुरी स्थित कठौतिया मोबाइल शॉप से शटर काटकर करीब 150 मोबाइल चोरी करने के बहुचर्चित मामले को जशपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी को झारखंड के साहेबगंज से दबोच लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी चोरी के हैंडसेट लेकर फरार है।

दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह पास के सूर्योदय बैंक के कर्मियों ने शटर खुला होने की जानकारी दी। मौके पर जाकर देखा तो दुकान के दोनों ताले कटे हुए थे और अंदर रखे विभिन्न कंपनियों के 150 नए मोबाइल हैंडसेट गायब थे। कुनकुरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 148/2026 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए। तकनीकी जांच में सामने आया कि वारदात से पहले दोनों ने पास के एक होटल में भोजन किया था, जहां उन्होंने अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया था। इसी डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35), निवासी मुर्गीटोली, साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई।

रेकी के बाद वारदात, डिब्बे झाडिय़ों में फेंके

झारखंड में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी तौसीफ ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख बाजारों में दुकानों की रेकी की थी। वारदात की रात दोनों ने कटर से ताले काटे, माल समेटा और कुछ दूर जाकर मोबाइल के खाली डिब्बे व कवर झाडिय़ों में फेंक दिए। इसके बाद केवल हैंडसेट लेकर बस के जरिए अंतरराज्यीय सीमा पार कर फरार हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त पि_ू बैग और उसका निजी मोबाइल जब्त कर लिया है। चोरी किए गए सभी 150 मोबाइल फोन फिलहाल फरार आरोपी के पास हैं। पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट