जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 20 अगस्त। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग और पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों के समन्वय से ग्राम खण्डसा (मयाली) में अमोनिया गैस रिसाव पर आज मॉक एक्सरसाइज (पूर्वाभ्यास) का आयोजन किया गया। इस दौरान कुनकुरी एसडीएम नंद जी पांडे और नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अभ्यास के लिए एक काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया था, जिसके तहत अमोनिया गैस से भरा एक टैंकर ग्राम खण्डसा (मयाली डैम के पास) अनियंत्रित होकर पलट गया और उससे गैस रिसाव प्रारंभ हो गया। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से निम्नलिखित कार्रवाइयां प्रदर्शित की गईं।
सुबह 10.05 बजे (सूचना व अलर्ट)-दुर्घटना की सूचना मिलते ही इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम को सक्रिय किया गया और एसडीएम कुनकुरी ने इंसिडेंट कमांडर के रूप में कमान संभाली।
10.10 बजे (सुरक्षा घेरा व नो इग्निशन ज़ोन)- कुनकुरी पुलिस द्वारा घटनास्थल को तीन सुरक्षा घेरों (हॉट, वार्म और कोल्ड ज़ोन) में विभाजित किया गया। क्षेत्र को ‘नो इग्निशन ज़ोन’ घोषित कर एम्बुलेंस हेतु ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
10.15 बजे (रिसाव नियंत्रण)- नगर सेना और एनडीआरएफ /एसडीआरएफ के जवानों ने एससीबीए किट पहनकर हॉट ज़ोन में प्रवेश किया। निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप फायर ब्रिगेड द्वारा ‘वॉटर फॉग’ का निर्माण कर अमोनिया गैस को बेअसर करने का अभ्यास किया गया।
10.25 बजे (डीकंटैमिनेशन)- प्रभावित व्यक्तियों को निकालकर वार्म ज़ोन में स्थित डीकंटैमिनेशन कॉरिडोर में पानी से धोया गया।
10.35 बजे (चिकित्सा सहायता)- मेडिकल एड पोस्ट में घायलों को प्राथमिक उपचार, ऑक्सीजन सपोर्ट देने तथा 108 एम्बुलेंस से रेफर करने का पूर्वाभ्यास हुआ। आपात स्थिति के लिए हेलीपैड भी तैयार किया गया था।
10.45 बजे (राहत शिविर व पशुकल्याण)- प्रभावित पशुओं के उपचार हेतु पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। साथ ही जनपद पंचायत द्वारा प्रभावितों को राहत शिविर में पहुंचाने तथा खाद्य विभाग द्वारा भोजन-पेयजल वितरण की प्रक्रिया दर्शाई गई।
10.55 बजे (मीडिया ब्रीफिंग)- जनसंपर्क विभाग द्वारा भ्रामक जानकारियों को रोकने हेतु प्रेस बुलेटिन जारी करने का अभ्यास किया गया।
11.05 बजे (समापन)- बचाव दल द्वारा टैंकर का रिसाव बंद किए जाने और वातावरण में गैस का स्तर सामान्य होने के बाद इंसिडेंट कमांडर द्वारा मॉक एक्सरसाइज के समापन की घोषणा की गई।