जशपुर
जशपुरनगर, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ जिला जशपुर के समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा जिला बेमेतरा प्रकरण में महिला सम्मान की रक्षा और प्रकरण के निष्पक्ष जांच व यथाशीघ्र न्यायोचित कार्यवाही हेतु स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नाम पर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। उक्त प्रकरण के विरोध एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ के आव्हान पर एनएचएम संघ जिला जशपुर इकाई 18 अगस्त को जिले के समस्त एनएचएम कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला जशपुर को सामुहिक अवकाश का ज्ञापन सौंपा है। मामलें में संघ के द्वारा बताया गया कि जिला बेमेतरा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कथित रूप से किए जा रहे गरिमा-विरोधी व्यवहार, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम के साथ महिला कर्मचारी पर किए गए अभद्र टिप्पणी, सीआर खराब करने की धमकी व सेवा समाप्ति का डर दिखाकर अनुचित आचरण के साथ-साथ मानसिक व आर्थिक प्रताडऩा संबंधी कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा किया गया है जो किसी भी स्थिति मे स्वीकार्य नहीं है।
जिसके विरोध स्वरुप एनएचएम संघ जिला जशपुर के समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा एक दिवसीय सामुहिक अवकाश लिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बेमेतरा के अनुचित व्यवहार और महिला कर्मचारी पर किए गए अशोभनीय टीका-टिप्पणी के विरुद्ध शासन के द्वारा आगामी दो सप्ताह के भीतर यदि निष्पक्ष न्यायिक जांच और न्यायोचित कार्यवाही नहीं की जाती है तो एनएचएम संघ जिला जशपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ के साथ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।