जशपुर

हरेली: सीएम निवास बगिया में कौशल्या साय ने की पूजा-अर्चना
12-Aug-2026 8:36 PM
हरेली: सीएम निवास बगिया में कौशल्या साय ने की पूजा-अर्चना

प्रदेशवासियों को दी हरेली तिहार की बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं लोकपर्व हरेली तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास बगिया में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और हर परिवार के मंगल की कामना की।

हरेली तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा, कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। इस पर्व पर किसान अपने कृषि औजारों एवं पशुधन की पूजा कर अच्छी फसल और समृद्धि की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री निवास बगिया में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हरेली पर्व मनाया गया।

इस अवसर पर कौशल्या साय ने समस्त प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरेली हमारे छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और कृषि परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, खेती-किसानी और अपनी लोकपरंपराओं के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि हरेली का यह पावन पर्व प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा किसानों के खेतों में हरियाली और भरपूर फसल हो।

 हरेली तिहार के उल्लास के साथ मुख्यमंत्री निवास बगिया भी छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगा नजर आया।


अन्य पोस्ट