जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 12 अगस्त। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंदराई पाठ में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने ग्रामीण की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अघनू राम कोरवा ने सन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, 10 अगस्त की सुबह आरोपी फगुआ राम कोरवा और उसका पुत्र बृजनाथ राम कोरवा लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। उसी दिन प्रार्थी का भाई (मृतक) फगुआ राम भी अपनी पत्नी के साथ सन्ना आया हुआ था।
सन्ना निवासी एक व्यक्ति द्वारा मवेशी (बछड़े) को दफनाने के काम के एवज में आरोपियों को राशि दी गई थी। इसके पश्चात सन्ना पंचायत भवन के पास आरोपियों और मृतक फगुआ राम की मुलाकात हुई, जहां मृतक द्वारा उक्त राशि में से हिस्से की मांग करने पर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से प्रार्थी के भाई के सिर पर वार कर दिया गया। घायल अवस्था में इलाज हेतु जशपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सन्ना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया गया।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट को मृत्यु का कारण बताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों—फगुआ राम कोरवा और बृजनाथ राम कोरवा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना स्वीकार करने के पश्चात उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त कर लिया है।