जशपुर

नाबालिग से रेप, 20 साल कैद
10-Aug-2026 6:59 PM
नाबालिग से रेप, 20 साल कैद

जशपुरनगर, 10 अगस्त। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने एवं रेप के प्रकरण में विशेष न्यायालय (एससी/एसटी एवं पॉक्सो), कुनकुरी द्वारा आरोपी को 20 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।

पुलिस के मुताबिक 30 जून 25 को नाबालिग बालिका के पिता द्वारा चौकी कोल्हेनझरिया, थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी अपनी छोटी बहन के साथ 28 जून 25 को रथ मेला देखने गई थी। शाम को छोटी बेटी के घर वापस आने पर परिजनों द्वारा बड़ी बेटी के संबंध में पूछताछ की गई, तब जानकारी मिली कि वह मेले से वापस नहीं आई है।

अगले दिन नाबालिग बालिका के पिता एवं परिजनों द्वारा उसकी तलाश एवं पूछताछ की गई। इस दौरान घर वापस लौटी छोटी बहन से जानकारी मिली कि आरोपी सोनू चौहान उसकी नाबालिग बड़ी बहन को रथ मेला से बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले गया है। आरोपी द्वारा छोटी बहन को धमकी दिए जाने के कारण उसने तत्काल घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी थी।

परिजनों द्वारा आसपास एवं संभावित स्थानों पर नाबालिग बालिका की तलाश की गई, लेकिन उसके नहीं मिलने पर 30 जून को उसके पिता द्वारा चौकी कोल्हेनझरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक  जुलाई 25 को  नाबालिग बालिका को आरोपी सन्नु चौहान उर्फ सोनू चौहान के कब्जे से बरामद किया गया।

नाबालिग बालिका का कथन महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष कराया गया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी उसे प्यार एवं शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया तथा उसके साथ रेप किया।

विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेज एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए।

मामले में पुलिस द्वारा चौकी कोल्हेनझरिया में धारा 137(2), 64(2)(द्व) बीएनएस तथा धारा 4 एवं 6 पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे एक जुलाई 25 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां से न्यायिक रिमाण्ड प्राप्त कर जिला जेल जशपुर भेजा गया।

विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा जप्तशुदा प्रदर्श एवं अन्य आवश्यक साक्ष्यों को परीक्षण हेतु एफएसएल भेजा गया तथा प्राप्त रिपोर्ट को विवेचना में शामिल किया गया।विवेचना पूर्ण होने के पश्चात आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र/चार्जशीट प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर प्रकरण का विचारण माननीय विशेष न्यायालय (एससी/एसटी एवं पॉक्सो), कुनकुरी में हुआ।

प्रकरण में तत्कालीन चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया स.उ.नि. टेकराम सारथी एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक भावेश कुमार समरथ द्वारा की गई विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर तथा लोक अभियोजक भरत राम यादव द्वारा की गई सशक्त पैरवी के परिणामस्वरूप माननीय भानु प्रताप सिंह, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एवं पॉक्सो), कुनकुरी द्वारा आरोपी सन्नु चौहान उर्फ सोनू चौहान को दोष सिद्ध मानते हुए धारा 137(2) बीएनएस के तहत 05 वर्ष कठोर कारावास एवं 1,000/- अर्थदण्ड। धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत 20 वर्ष कठोर कारावास एवं 1,000/- अर्थदण्ड।

दोनों सजाएं साथ-साथ भुगताई जाएंगी। अर्थदण्ड की राशि अदा नहीं किए जाने की स्थिति में न्यायालय द्वारा पृथक से अतिरिक्त कारावास की सजा भी निर्धारित की गई है।


अन्य पोस्ट