जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 10 अगस्त। जशपुर जिले की पत्थलगांव पुलिस ने सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेला में खुडख़ुडिय़ा पट्टी एवं गोटी से रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाकर जुआ खेलाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त को थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेला में कुछ व्यक्तियों द्वारा खुडख़ुडिय़ा नामक जुआ खेलाया जा रहा है तथा रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाया जा रहा है।
निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सउनि लखेश कुमार साहू एवं पुलिस टीम द्वारा तत्काल ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा रथ मेला पहुंचकर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर देखा कि सार्वजनिक स्थान पर सीसी रोड में पेट्रोमैक्स गैस लैंप की रोशनी में दो अलग-अलग जुआ फड़ लगाकर खुडख़ुडिय़ा पट्टी एवं गोटी से रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाकर जुआ खेलाया जा रहा था।
पुलिस को देखकर जुआ खेलने वाले कुछ व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि जुआ खेलाने वाले आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई करते हुए पहले जुआ फड़ से आरोपी निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत एवं नितेश किण्डो के फड़ एवं कब्जे से 42,810/- नगद बरामद किया गया। वहीं दूसरे जुआ फड़ से आरोपी दिलीप खलखो, अकबर किण्डो एवं रंजीत किण्डो के फड़ एवं कब्जे से 34,430/- नगद बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों जुआ फड़ों से कुल 77,240/- नगद राशि जप्त की गई।
इसके साथ ही पुलिस ने मौके से खुडख़ुडिय़ा पट्टी, 6 प्लास्टिक की गोटी, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई, लाल रंग का लगभग 3 लीटर क्षमता का पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ खेलने एवं खेलाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की।
दो अलग-अलग अपराध दर्ज
आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के प्रावधानों का उल्लंघन करना पाए जाने पर पुलिस के द्वारा थाना पत्थलगांव में प्रकरण में अपराध क्रमांक 168/2026 एवं 169/2026, धारा 3(2), 4 एवं 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपियों के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर 9 अगस्त को सभी 7 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र में एक मेले में खुडख़ुडिय़ा के माध्यम से जुआ खिलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस जुआ सट्टा जैसे गतिविधियों पर नजर बनाए हुई है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।