जशपुर

पुलिस को देख भागा गांजा तस्कर, डिवाइडर से टकराई कार
04-Aug-2026 8:41 PM
पुलिस को देख भागा गांजा तस्कर, डिवाइडर से टकराई कार

आरोपी फरार, तीन बैग से 21 किलो गांजा बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 4 अगस्त। जशपुर जिले की पत्थलगांव पुलिस ने एक कार से 21 किलोग्राम 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। घटना के दौरान वाहन चालक कार छोडक़र मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की तडक़े लगभग 4.30 बजे पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार (क्रमांक यूपी 54 एएफ 7976) में अवैध गांजा भरकर लैलूंगा की ओर से अंबिकापुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा चौक के पास नाकाबंदी की।

संदिग्ध कार के आने पर जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान कदम घाट के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया।

गवाहों की उपस्थिति में कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से तीन बैगों में रखे 11 पैकेटों से कुल 21 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से गांजा और कार को जब्त कर लिया है। कार से पहचान संबंधी कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।  डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र में लावारिस कार से 21 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।


अन्य पोस्ट