जशपुर

बकरी कारोबारियों से लूट, 24 घंटे में 2 बंदी
02-Aug-2026 2:59 PM
बकरी कारोबारियों से लूट, 24 घंटे में 2 बंदी

  कार और नगदी बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 2 अगस्त।
जशपुर जिले की चौकी कोतबा पुलिस ने बकरी व्यापारियों से लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद राशि और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भोगी राम बंजारा (निवासी ग्राम करमीटिकरा फुलेता) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जुलाई की रात वह अपने साथी व्यापारियों और चालक के साथ वाहन से बकरे लेकर हाडीपानी (लैलूंगा) बाजार जा रहा था।
31 जुलाई की सुबह लगभग 4 बजे ग्राम पीठाआमा के पास कार सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोका और प्रार्थी से 1,000 तथा पीछे आ रहे अन्य बकरी व्यापारियों से 600 नकद लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर चौकी कोतबा में बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, संदेहियों की तलाश के दौरान दो युवकों—सूर्यकांत यादव और राहुल खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सूर्यकांत यादव के कब्जे से ?1,000 और राहुल खलखो के कब्जे से ?600 बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्रांतर्गत हुई लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई रकम और कार जब्त कर ली गई है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
 


अन्य पोस्ट