जशपुर

बर्तन दुकान में दबिश, अवैध 13 गैस सिलेंडर जब्त
30-Jul-2026 3:04 PM
बर्तन दुकान में दबिश, अवैध 13 गैस सिलेंडर जब्त

 सीएम हेल्प लाइन नंबर 1076 में मिली थी शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 30 जुलाई। जशपुर जिले में सीएम हेल्प लाइन नंबर 1076 में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग को ऑनलाईन माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई की ग्राम लोदाम के मुख्य मार्ग पर स्थित बर्तन की दुकान में बीरू (मुकेश साहू) दुकान द्वारा बिना वैध लाइसेंस के घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों की अवैध बिक्री पिछले 1.5 वर्षों से प्रत्येक सप्ताह 4-5 घरेलू एलपीजी सिलेंडर लाकर विक्रय किया जा रहा है। मुख्य सडक़ एवं सार्वजनिक स्थान पर अनाधिक्रृत गैस विक्रय किए जाने से गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है जिससे आम नागरिकों की असुरक्षा होने संबंधित शिकायत के संबंध में जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश है।

उक्त शिकायत के संबंध में सहायक खाद्य अधिकारी जिला जशपुर एवं खाद्य निरीक्षक, जशपुर द्वारा संयुक्त रूप से जांच 28 जुलाई को किय गया। जांच के समय मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी रूपा साहू निवासी लोदाम उपस्थित रहे, उनके द्वारा बर्तन दुकान का संचालन किया जाता है , जांच के समय संबंधित द्वारा घर दुकान में घरेलू उपयोग के अतिरिक्त इण्डेन कम्पनी का शीलबंद 9 भरा हुआ व 1 नग खाली सिलेण्डर एवं बी.पी.सी.एल कम्पनी 3 खाली सिलेण्डर कुल 13 गैस सिलेण्डर अवैध रूप से भण्डारण पाया गया। उनके द्वारा 3 गैस कार्ड दिखाया गया जिसमें उनकी माता के नाम 1 उज्जवला योजना का कनेक्शन,  मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी के नाम से सामान्य गैस कार्ड प्रस्तुत किया गया है।

 घरेलू उपयोग के अतिरिक्त कुल 13 नग गैस सिलेण्डर के संबंध में जांच के समय किसी प्रकार वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जब्ती पश्चात् सुरक्षार्थ हेतु लोदाम विकासखण्ड जशपुर के गैस एजेंसी के सुपूर्द में दिया जाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट