जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 27 जुलाई। जशपुर जिले के चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम बैगा बहार में पुलिस ने गौ मांस के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 55 किलोग्राम मांस सहित एक मोटरसाइकिल, कुल्हाड़ी, छुरी, रस्सी और 2,000 रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैगा बहार और रोकबहार क्षेत्र के कुछ व्यक्ति मवेशी का वध कर मांस बांटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतबा पुलिस टीम ने चिन्हित स्थल पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल में रखी बोरी से 55 किलोग्राम मांस बरामद किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त 10 व्यक्तियों रंजीत एक्का, राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, अमलेश तिग्गा, विनय तिग्गा, हीरालाल तिर्की (सभी निवासी बैगाबहार), मनमोहन तिग्गा, अब्राहम कुजूर (निवासी रोकबहार) तथा संजय तिग्गा एवं अनूप भगत (निवासी कोतबा) को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में तुमला थाना पुलिस का भी सहयोग रहा।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (जशपुर) डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि कोतबा क्षेत्र से 55 किलो मवेशी मांस के साथ 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।