जशपुर

ऑनलाइन ठगी, आरोपी झारखंड से बंदी
17-Jul-2026 10:53 PM
ऑनलाइन ठगी, आरोपी झारखंड से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 17 जुलाई। साइबर ठगी के चार साल से फरार आरोपी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में प्रकरण पंजीबद्ध है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी रामलोचन गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 एवं 10 अक्टूबर 2022 को अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर पैन कार्ड अपडेट करने तथा नेट बैंकिंग चालू कराने का झांसा दिया। आरोपी ने विश्वास में लेकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 3,25,000 की राशि उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर निकाल ली। प्रकरण दर्ज होने के बाद जशपुर पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों एवं डिजिटल ट्रांजेक्शनों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान यह पता चला कि ठगी की राशि विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित की गई थी, जिनमें एक फिनो पेमेंट बैंक का खाता भी शामिल था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम आरोपी की तलाश में झारखंड रवाना हुई। लगातार तकनीकी निगरानी एवं पतासाजी के बाद नीलकण्ठ दास  धनबाद (झारखंड) को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया, जहां पूछताछ में उसने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2022 में पैन कार्ड अपडेट कराने का झांसा देकर पीडि़त से ठगी की थी। उसके द्वारा अपने नाम से फिनो पेमेंट बैंक में खाता खुलवाया गया था, जिसमें ठगी की राशि में से 25,000 जमा हुए थे। उक्त राशि को उसने एटीएम कार्ड के माध्यम से चार बार में निकालकर अपने निजी कार्यों में खर्च कर दिया। आरोपी ने यह भी बताया कि ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर एवं मोबाइल को घटना के बाद नष्ट कर दिया था।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त एटीएम कार्ड, फिनो बैंक खाते से लिंक सिम कार्ड तथा पैन कार्ड विधिवत जब्त किए हैं।

मामले में अन्य बैंक खातों, सहयोगियों तथा साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। मामले से जुड़े अन्य आरोपीयों को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, जिनकी पतासाजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।


अन्य पोस्ट