जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 22 जून। जशपुर जिले में झाड़-फूंक के बहाने भरोसा जीतकर एक माह के मासूम बच्चे की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है, वहीं आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार बच्चा चोरी क ी घटना के बाद पुलिस ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बच्चे की खोजबीन और आरोपी पक्ष की पतासाजी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम को सरकारी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध महिला की तस्वीर मिली थी। पुलिस और तकनीकी टीम की संयुक्त कार्रवाई में संदेही महिला तारा बाई को ग्राम दातुनपानी (चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा क्षेत्र) से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने महिला के कब्जे से एक माह के बच्चे को सकुशल बरामद किया।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी तीन शादी हुई है, पहली शादी से उसके बच्चे हैं, पहले पति से अलग होने के बाद, उसने दो और शादी की थी, दोनों ही शादी से उसे बच्चे नहीं हो रहे थे। कुछ दिनों पूर्व वह चार महीने की गर्भवती थी, परंतु बच्चा खराब हो जाने से उसका गर्भपात हो गया था, जिससे वह अत्यंत व्यथित रहती थी, जिस कारण आरोपिया बच्चा चोरी करने की आस से जशपुर आई हुई थी व शासकीय अस्पताल के आस-पास घूमती रहती थी।
अस्पताल के पास उसकी मुलाकात पंडरापाठ क्षेत्र से आए एक दंपत्ति से हुई, जिनका एक माह का बच्चा अस्वस्थ था। महिला ने बच्चे के परिजनों को झाड़-फूंक के जरिए बीमारी ठीक करने का झांसा देकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद वह बच्चे की मां और दादी को भोजन कराने के बहाने जशपुर बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में लेकर गई। जब परिजन भोजन कर रहे थे, तभी महिला बच्चे को गोदी में लेकर बस से फरार हो गई थी।
पुलिस ने मामले में विवेचना के बाद स्थापित धाराओं में बीएनएस की धारा 140(3) जोड़ते हुए महिला तारा बाई दातुनपानी, जशपुर को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।