जशपुर
हजारों किसानों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 15 जून। पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों, किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने तथा कालाबाजारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के नेतृत्व में जिले के सभी 11 संगठनात्मक ब्लॉकों द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में किसान, मजदूर, कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और किसान कांग्रेस, सेवादल के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रदर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में डीजल की कमी के कारण ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर यूरिया और डीएपी खाद की कमी से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार किसानों के धान उत्पादन को प्रभावित करना चाहती है ताकि कम मात्रा में धान खरीदी करनी पड़े। उन्होंने कहा कि गिरदावरी सहित अन्य मुद्दों पर किसान पहले से ही परेशान हैं और अब खाद-बीज एवं डीजल संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
पूर्व वरिष्ठ विधायक रामपुकार सिंह ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने और आवश्यक कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
साथ ही श्री सिंह ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को सस्ती रसोई गैस देने का वादा किया था, लेकिन गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं।
पूर्व विधायक विनय भगत कहा कि प्रदेश की कथित सुशासन वाली सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनके शासनकाल में किसान, मजदूर, गृहिणी और युवा सभी वर्ग परेशान हैं तथा सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में असफल रही है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को समय पर खाद-बीज, डीजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तथा कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।