जशपुर

राज्य वक्फ बोर्ड के सदस्य का एमसीबी दौरा
11-Jun-2026 3:31 PM
राज्य वक्फ बोर्ड के सदस्य का एमसीबी दौरा

वक्फ संपत्तियों का किया निरीक्षण, समाजजनों से संवाद कर जानी जमीनी हकीकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 11 जून। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के निर्देशानुसार वक्फ बोर्ड सदस्य फैजान सरवर खान ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले का दौरा कर विभिन्न वक्फ संपत्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मस्जिदों, कब्रिस्तानों, ईदगाहों सहित अन्य वक्फ संपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय अंजुमन कमेटियों, मुतवल्लियों और समाज के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

फैजान सरवर खान ने कहा कि वक्फ संपत्तियां उम्मत की अमानत हैं और उनकी हिफाजत, संरक्षण एवं विकास के लिए वक्फ बोर्ड पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में वक्फ संपत्तियों की वास्तविक स्थिति जानने तथा जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण और संवाद का सिलसिला जारी है।

निरीक्षण के दौरान संपत्तियों के अभिलेख, सीमांकन, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। साथ ही वक्फ संपत्तियों को अतिक्रमण और अन्य कानूनी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में समाज के लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न वक्फ संपत्तियों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा। इस पर फैजान सरवर खान ने आश्वस्त किया कि जहां भी सुधार और हस्तक्षेप की आवश्यकता होगी, वहां वक्फ बोर्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा समाज के सहयोग से वक्फ संपत्तियों के संरक्षण को और मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों का उद्देश्य केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इनका उपयोग समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए भी प्रभावी रूप से किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर कार्य करना होगा।

दौरे के दौरान स्थानीय मुस्लिम समाज, मस्जिद कमेटियों, अंजुमन के पदाधिकारियों, मुतवल्लियों एवं गणमान्य नागरिकों ने वक्फ बोर्ड की इस पहल का स्वागत किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि ऐसे नियमित निरीक्षण और संवाद से वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, पारदर्शी प्रबंधन और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और विकास हमारी प्राथमिकता है, समाज के सहयोग से इन्हें आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।


अन्य पोस्ट