जशपुर

मिशन गांव चलो अभियान: पीसीसी अध्यक्ष बैज का जशपुर दौरा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
23-Mar-2026 6:44 PM
मिशन गांव चलो अभियान: पीसीसी अध्यक्ष बैज का जशपुर दौरा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 23 मार्च। कांग्रेस के ‘मिशन गांव चलो’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज जशपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने पत्थलगांव विधानसभा के ग्राम रोकबहार, कुनकुरी विधानसभा के गिनाबहार तथा जशपुर विधानसभा के सरबकोम्बो का दौरा सम्पन्न हुआ ।

इस दौरान जिले में बूथ कमेटी एवं पंचायत कमेटी गठन की औपचारिक शुरुआत की गई। श्री बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना ही आगामी चुनावों की सफलता की कुंजी है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में धान खरीदी में घोटाले, बढ़ता भ्रष्टाचार और जन समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। अफीम की खेती के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, लेकिन भाजपा सरकार इसे अफीम का कटोरा बनाने की ओर बढ़ रही है। साथ ही भर्तियों में अनियमितताओं से युवाओं में निराशा और हताशा बढऩे की बात भी कही।

श्री बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही जनता परेशान है, जबकि यहां विकास और खुशहाली की उम्मीद थी। लेकिन हकीकत इसके विपरीत है और आमजन भाजपा सरकार से त्रस्त है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी और सभी जनहितकारी योजनाओं को फिर से लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर पीसीसी महामंत्री आरती सिंह, पीसीसी सचिव रत्ना पैंकरा, हीरूराम निकुंज, जिलाध्यक्ष यू. डी. मिंज, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव, पवन अग्रवाल, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कुलविंदर सिंह भाटिया, पूर्व विधायक विनय भगत, प्रमोद गुप्ता, हंसराज अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, ताहिर अली, सुमित शर्मा, रवि शर्मा, विजय यादव सहित वरिष्ठ नेता गण , सभी जिला व ब्लॉक के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट