जशपुर

नाबालिग को शादी का झांसा दे रेप, आरोपी ओडिशा से बंदी
22-Mar-2026 9:35 PM
नाबालिग को शादी का झांसा दे रेप, आरोपी ओडिशा से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 22 मार्च। जशपुर जिले के चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से रेप के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी को परिजनों ने 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि छात्रा परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की और अपहरण की आशंका जताई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छात्रा ओडिशा में आरोपी के साथ है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर छात्रा को बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने बयान में बताया कि आरोपी से उसकी फोन के माध्यम से पहचान हुई थी और आरोपी उसे अपने साथ ले गया। बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट