जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 17 मार्च। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 23 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 20 जनवरी को स्कूल जाने के बाद वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास और परिचितों में तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और परिजनों के सहयोग से पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका बिहार निवासी अविनाश कुमार साहनी के साथ है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों डॉ. लाल उमेद सिंह और राकेश कुमार पाटनवार के निर्देशन में पुलिस टीम को बिहार भेजा गया।
पुलिस टीम ने बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र से नाबालिग को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोप है कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ शारीरिक शोषण किया।
पीडि़ता के कथन के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।