जशपुर

कार से 67 किलो गांजा बरामद, बिहार का आरोपी गिरफ्तार
27-Feb-2026 8:46 PM
कार से 67 किलो गांजा बरामद, बिहार का आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 27 फरवरी। जशपुर जिले के थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत लावाकेरा में 67 किलो गांजा पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी बिहार के रहने वाला है। युवक ओडिशा से गांजा लेकर आ रहा था। आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल व कार भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामला इस प्रकार है कि 26 फरवरी को थाना तपकरा पुलिस को मुखबिर से  सूचना मिली थी कि एक सिल्वर कलर की कार क्रमांक डीएल-8 सी- एएक्स - 8014  से एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध मादक गांजा  को ओडिशा की ओर से, लावाकेरा, तपकरा होते हुए ले जा रहा है।

 जिस पर पुलिस टीम के साथ, लावाकेरा बैरियर में नाकाबंदी कर, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाने लगी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही संदिग्ध सिल्वर कलर की कार क्रमांक डीएल-8 सी- एएक्स - 8014  आता दिखाई देने पर, पुलिस टीम के द्वारा घेराबंदी कर उक्त संदिग्ध कार को रोका गया।  पूछताछ पर कार का चालक ने अपना नाम सुमन कुमार हिमांशु बिहार का रहने वाला बताया।

 पुलिस के द्वारा संदेह होने पर जब संदिग्ध कार की तलाशी ली गई तो, उसके डिक्की में, स्टेपनी रखने के कि जगह पर, छिपाकर रखा गया, प्लास्टिक की बोरी मिली, जिसमें 65 पैकेट में 67 किलो 135 ग्राम  गांजा को रखा गया था, जिसे पुलिस के द्वारा बरामद कर जब्त कर लिया गया व संदिग्ध आरोपी सुमन कुमार हिमांशु को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त कार व दो मोबाइल को  भी पुलिस के द्वारा जब्त किया गया है।  तस्करी में प्रयुक्त कार सहित जब्त अवैध मादक पदार्थ की  कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रु है जिसमें कार की कीमत 6 लाख 50 हजार व गांजे की अनुमानित कीमत 33 लाख 50 हजार रुपए है।

 पूछताछ पर आरोपी सुमन कुमार हिमांशु ने पुलिस को बताया कि दो तीन माह पूर्व हाजीपुर बिहार में उसकी पहचान एक महिला से हुई थी, उसी के कहने पर वह, महिला के साथ संबलपुर ओडिशा आया था, जहां से वह अवैध मादक पदार्थ गांजा को लेकर संदिग्ध महिला के साथ कार से बिहार लेकर लौट रहा था।

 उसकी महिला साथी ओडिशा में ही कार से उतर गई व आरोपी को अकेले ही गांजा को लेकर पटना बिहार ले जाने हेतु बोली थी, जिसके सम्बन्ध में संदिग्ध महिला के द्वारा आरोपी को कुछ रकम देने की भी बात की गई थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सुमन कुमार हिमांशु की निशानदेही पर, उसकी महिला साथी को भी चिन्हित कर लिया है, जिसकी पतासाजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आरोपी के द्वारा अवैध मादक प्रदार्थ गांजा खरीदी के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस के द्वारा आरोपी तस्कर के विरुद्ध थाना तपकरा में 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी सुमन कुमार हिमांशु के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है,

मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने तपकरा क्षेत्र में एक कार से 67 किलो ग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्यवाही निरंतर जारी है, नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट