जशपुर
कांग्रेसियों व किसानों ने जनदर्शन में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 23 फरवरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व जशपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनमोहन भगत के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर कार्यालय जशपुर पहुंचकर धान खरीदी में अवैध वसूली और अनियमितताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि जशपुर गम्हरिया धान मंडी के प्रबंधक द्वारा धान खरीदी टोकन काटने और पूरा धान खरीदने के नाम पर किसानों से पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने पर धान की तौल कम करने और पूरा धान नहीं खरीदने की बात कही गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने अपने ज्ञापन में अलग-अलग मामलों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनसे हजारों रुपये की मांग की गई और मजबूरी में कुछ किसानों को नगद व ऑनलाइन भुगतान करना पड़ा।
किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं-मनमोहन भगत
मनमोहन भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।
शीघ्र कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से किसानों को जल्द न्याय दिलाने और दोषी मंडी प्रबंधक पर कार्रवाई करने की मांग की है।


