जशपुर

बेटी की हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार
20-Feb-2026 4:20 PM
बेटी की हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 20 फरवरी। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र के जामटोली गांव में एक युवती की मौत के आरोप में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी को प्रार्थिया अनुषा लकड़ा अंबाटोली, थाना नारायणपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके मायके ग्राम जामटोली में उसके पिता लौरेस लकड़ा, बड़ी बहन बिंदिया लकड़ा और छोटा भाई रहते थे। बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थीं और घर के पास नया मकान बनवाने की तैयारी कर रही थीं, जिसके लिए नींव खुदवाई गई थी तथा निर्माण सामग्री मंगाई गई थी।

पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी की दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी लौरेस लकड़ा ने निर्माण सामग्री मंगाने और रुपए देने को लेकर बिंदिया लकड़ा से विवाद किया। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट को मृत्यु का कारण बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली गई है।

 


अन्य पोस्ट