जशपुर

राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन की तैयारी
22-Dec-2025 10:45 PM
राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन की तैयारी

कलेक्टर-एसएसपी ने आगडीह का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 22 दिसंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 30 दिसंबर को झारखंड के गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित मांझाटोली में आयोजित होने वाले अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह सह कार्तिक जतरा कार्यक्रम में शामिल होंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू का जशपुर जिले के आगडीह हवाई अड्डे पर आगमन होगा, जहां से वे सडक़ मार्ग द्वारा कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आज आगडीह हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री व्यास ने राष्ट्रीय राजमार्गों की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, रोड मार्किंग, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएँ, सेफ हाउस की व्यवस्था तथा मार्ग के दोनों ओर अनावश्यक झाडिय़ों की सफाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट