जशपुर

सोशल मीडिया पर दोस्ती, युवती का वीडियो फैलाने का आरोप
30-Nov-2025 8:57 PM
सोशल मीडिया पर दोस्ती, युवती का वीडियो फैलाने का आरोप

झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 30 नवंबर। जशपुर जिले के थाना बागबहार क्षेत्र की एक 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर झारखंड निवासी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती का आरोप है कि सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवक ने उसे झांसा देकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और बाद में फेक आईडी बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को पीडि़ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में फेसबुक पर आरोपी विकास (निवासी झारखंड) की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत शुरू हुई। बातचीत बढऩे के बाद, पीडि़ता के अनुसार, आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से उसका अश्लील वीडियो बना लिया।

पीडि़ता ने बताया कि 26 फरवरी 2024 को आरोपी ने उसे रायपुर बुलाया और न आने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीडि़ता के अनुसार, वह भयवश रायपुर पहुंची, जहां से आरोपी उसे बस के जरिए झारखंड स्थित अपने घर ले गया। वह वहां लगभग तीन दिन रही और बाद में बहाना बनाकर अपने घर वापस लौटी।

पीडि़ता का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने कई बार उसे वापस झारखंड बुलाने का प्रयास किया और धमकी दी कि उसके वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे। पीडि़ता के अनुसार, आरोपी ने उसके नाम से फेक आईडी बनाकर वीडियो को परिजनों व सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

शिकायत पर थाना बागबहार में आरोपी विकास नोनिया के विरुद्ध धारा 354(घ), 509(ख) आईपीसी एवं बीएनएस की धारा 78, 79 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पीडि़ता से मिलने पत्थलगांव क्षेत्र में आया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी के अपराध स्वीकारने और सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट