जशपुर

तंत्र-मंत्र के शक में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
23-Oct-2025 6:38 PM
तंत्र-मंत्र के शक में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 23 अक्टूबर।
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक महिला की कुल्हाड़ी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला जमीन विवाद और तंत्र-मंत्र के शक से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जामुन जोबला निवासी पंकज पहाड़ी ने 21 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम के समय वह अपनी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी  के साथ गांव में एक व्यक्ति के घर हंडिया पीने गए थे। लौटते समय उसकी पत्नी रास्ते में रुकी हुई थी, तभी उसका भतीजा मुकेश पहाड़ी , जो रिश्ते में मृतका का भतीजा और रिपोर्टकर्ता का भतीजा है, हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आया और सुखाड़ी पहाड़ी के गले पर वार कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बीच-बचाव करने पर पंकज पहाड़ी को भी चोट आई।

रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों परिवारों के बीच खेती की जमीन को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को यह भी शक था कि उसकी फुआ उसके बच्चों पर तंत्र-मंत्र कर रही है।

घटना के बाद आरोपी फरार था। पुलिस ने तलाश कर उसे ग्राम जामुन जोबला के एक घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और उसके कपड़े जब्त किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि बगीचा क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में एक व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र के शक में अपनी फुआ की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और कपड़े जब्त कर लिए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) व 109 के तहत अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट