जशपुर

15वें दिन भी एनएचएम कर्मियों की हड़ताल जारी, पारंपरिक झाड़-फूंक से किया विरोध-प्रदर्शन
01-Sep-2025 8:57 PM
15वें दिन भी एनएचएम कर्मियों की हड़ताल जारी, पारंपरिक झाड़-फूंक से किया विरोध-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 1 सितंबर। नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को पंद्रहवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों का कहना है कि अब तक शासन स्तर से किसी भी प्रकार की सार्थक पहल नहीं की गई है।

पारंपरिक अंदाज़ में विरोध

धरना स्थल पर आज कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक झाड़-फूंक पद्धति का सहारा लेते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को ‘नींद से जगाने’ का प्रयास है।

मानव श्रृंखला से दिखाई एकता

जिले के लगभग 840 कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में धरनास्थल से जिला चिकित्सालय और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय तक मानव श्रृंखला बनाई। हाथों में तख्तियां लिए कर्मचारियों ने शासन को यह संदेश दिया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।

सत्तापक्ष से भी मिला समर्थन

अब तक कर्मचारियों को विपक्ष, अन्य कर्मचारी संघों और आम जनता का समर्थन मिल रहा था, लेकिन सोमवार को सत्तापक्ष के सांसद विजय बघेल ने भी एनएचएम कर्मियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर ‘मोदी गारंटी’ के वादे की याद दिलाते हुए शीघ्र कार्यवाही करने की अपील की।

स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई

लगातार हड़ताल से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। कई स्वास्थ्य केंद्रों में ताले लटके हैं और प्राथमिक सुविधाएं भी बाधित हो गई हैं।

मरीजों को रेफर किया जा रहा है या फिर निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शासन ने अब भी पहल नहीं की तो जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह ढह जाएगी और उसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट