जशपुर

हर घर तिरंगा अभियान कल से, जिला भाजपा की कार्यशाला
09-Aug-2025 11:03 PM
हर घर तिरंगा अभियान कल से, जिला भाजपा की कार्यशाला

जशपुरनगर, 9 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वाधीनता दिवस के अवसर पर मोर तिरंगा मोर अभिमान, हर घर तिरंगा, घर घर तिरंगा अभियान 10 अगस्त से आरंभ होगा। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता आमजनों को जोड़ कर शहर से लेकर गांव तक तिरंगा यात्रा निकालेंगे और घर घर तिरंगा लगाने लोगों को प्रेरित करेंगे। प्रत्येक बूथ में 50 घरों में तिरंगा लगाने का लक्ष्य भाजपा ने निर्धारित किया है।

शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय, जशपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तिरंगे के महत्व और राष्ट्रभक्ति के संदेश को घर-घर पहुँचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, एकता और बलिदान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराकर हम देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रदर्शित करते हैं।

विधायक रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाना हमारा कर्तव्य है। यह अभियान केवल उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा है।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में तिरंगे का योगदान अविस्मरणीय है। हमें अपने युवा वर्ग को इस ध्वज के महत्व से अवगत कराना चाहिए, ताकि देशभक्ति की भावना और सशक्त हो।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि गांव-गांव, घर-घर तिरंगा फहराना हमारे लिए गर्व की बात है। यह अभियान समाज में एकता, भाईचारे और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेगा।


अन्य पोस्ट