जशपुर
कई खरीदी केंद्रों में धान भीगने की खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 दिसंबर। शनिवार को दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदल लिया। शाम 4 बजे से अम्बिकापुर सहित सरगुजा के इलाको में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
अचानक बारिश होने से सरगुजा के कई धान खरीदी केंद्रों में धान भीगने की खबर है। कई केंद्रों में धान को बचाने की जद्दोजहद देखने को मिली।
बलरामपुर जिला में कई घंटो तक मुसलाधार बारिश हुई,जिससे यहां भी धान खरीदी केन्द्रों में लाखों रुपए का धान भीग गया। बताया जा रहा है कि बलरामपुर के धान खरीदी केन्द्रों में रख रखाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, खरीदी प्रभारी भी मौके पर नहीं थे।
समुद्र से आने वाली नमी के कारण पूरे सरगुजा में शनिवार को बारिश हुई, जिसके कारण वातावरण ठंडा हो गया। शाम 4 बजे के बाद से बारिश का क्रम जारी है,लोग ठंडी हवाओं के बीच छतरी और रेनकोट के सहारे शहर में निकलते हुए दिखाई दिए।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और बारिश होने के पूरे आसार हैं,सोमवार से ही मौसम के खुलने की संभावना जताई गई है।


