जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 29 अगस्त। नगर पालिका क्षेत्र सहित पूरे जशपुर विधानसभा क्षेत्र में बरसात के बाद विकास कार्य तेजी से शुरू होगा। जशपुर में सडक़, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार का खजाना खोल दिया है। आने वाले दो माह में लोगों को विकास कार्य दिखने लगेगा। जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने उक्त बातें कहीं।
वे नगरपालिका के सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रही थी। विधायक रायमुनि ने कहा कि शहर के विकास लिए बीते 8 माह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार साढ़े 6 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यो की स्वीकृति दी है। उन्होंने बताया कि शहर की सबसे गंभीर समस्या गली मोहल्ले में बंद पड़े स्ट्रीट लाईट की है। इसकी शिकायत उन्हें लगातार मिल रही थी।
इस पर उन्होंने शहर की स्ट्रीट लाईट को नये सिरे से संवारने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरी प्रशासन मंत्री व उप मुख्यमंत्री अरूण साव को दिया तो उन्होंने 1 करोड़ 5 लाख रूपये की तत्काल स्वीकृति देते हुए,बजट जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस राशि से शहर के रज्जू भैया चौक से उपेन्द्र सिंह जूदेव चौक तक, निक्की चौक से महारानी लक्ष्मी बाई कन्या स्कूल तक, सी मार्ट से संगम चौक तक, जैन मंदिर से सन्ना रोड में स्थित शिव मंदिर तक, जनपद पंचायत कार्यालय से जल संसाधन विभाग कार्यालय तक, बालाजी मंदिर से नाला तक आक्टोगोनल ट्यूबलर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। इसके साथ ही अंबेडकर चौक से रेस्ट हाउस और पुरानी प्रतिक्षालय से सी मार्ट तक पाथ वे निर्माण के लिए 10 लाख 55 हजार रूपये की स्वीकृति राज्य सरकार ने दे दी है।
विधायक ने कहा कि भाजपा की सरकार शहर के साथ ग्रामीण अंचल के विकास का भी पूरा ध्यान रख रही है। डोंगाझरन जैसे दूरस्थ गांवों तक पहुंच बनाने के लिए सरकार ने पक्की सडक़ निर्माण की स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 350 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमि पूजन संपन्न हो चुका है। इनमें पुल, पुलिया, सडक़ जैसे कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य है, जिनकी मांग लंबे अर्से से की जा रही थी। पत्रकारवार्ता में नगरपालिका के अध्यक्ष राधेश्याम राम, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, पार्षद हिमांशु वर्मा, फैजान खान, सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय भी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने कहा कि चार इंजन वाली सरकार जशपुर शहर सहित पूरे जिले के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य के साथ जिले में जिला पंचायत और नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार है। इसका असर बीते 8 महीने के छोटे से कार्यकाल में दिखने लगा है। मेडिकल कालेज, 400 मेगावाट का विद्युत सब स्टेशन, भारत माला सडक़, कटनी गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग का फोर लेन में विस्तार जैसे बड़े विकास कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। नगरपालिका के संबंध में उन्होंने कहा कि नगरपालिका जशपुर ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है। आज तक यहां कांग्रेस बहुमत प्राप्त नहीं कर पाई है। इसलिए, शहरवासियों की जरूरत और विकास की आकांक्षा को पूरा करना हम सबका दायित्व है।


