जशपुर

गाज से पति-पत्नी समेत 3 की मौत
19-Aug-2024 10:05 PM
गाज से पति-पत्नी समेत 3 की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 19 अगस्त। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो अलग-अलग मामलों में शनिवार को सन्ना थाना क्षेत्र में 3 लोगों की मृत्यु हो गई है।

पहला मामला एकम्बा सन्ना थाना क्षेत्र के अंतर्गत का है। और दूसरा छिछली सन्ना थाना क्षेत्र का है। जहाँ कुदरत के कहर से पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम लगभग 4 बजे एकम्बा गांव में खेत में रोपा लगाते मोहरसाय राम उम्र 55 वर्ष और उसकी पत्नी परबी बाई उम्र 53 वर्ष निवासी एकम्बा एवं उसी समय के लगभग छिछली  गांव के जगसाय राम उम्र 42 वर्ष की भी आकाशिय बिजली गिरने से मौत हो गई।

दरअसल,  महिला परबी बाई को शनिवार को घायल अवस्था में सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया गया था। परन्तु रविवार सुबह 5 बजे उसकी भी सन्ना हॉस्पिटल में मृत्यु हो गयी। पुलिस द्वारा मर्ग पंचनामा कायम और तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


अन्य पोस्ट