जशपुर
नगर विकास के प्रस्ताव और समस्या पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 29 जून। नगर की विकास और समस्याओं के निराकरण के लिए जशपुर की विधायक रायमुनि भगत,पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय और भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह ने रायपुर में उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव से मुलाकात की।
विधायक रायमुनि भगत ने उप मुख्यमंत्री अरूण साव से जिला मुख्यालय के लिए नए बस स्टैण्ड निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति देने का अनुरोध करते हुए बताया कि वर्तमान में जो बस स्टैण्ड जशपुर शहर के बीच में संचालित है,वह दशकों पुराना हो चुका है। समय के साथ यात्री और बसों की संख्या बढऩे से यह बस स्टैण्ड अब छोटा पड़ रहा है। शहर की आबादी भी बढ़ चुकी है। ऐसे में यात्री बसों को शहर के बीच से हो कर गुजरना पड़ता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जशपुर का बस स्टैण्ड, अंतरराज्यीय बस स्टैण्ड है। यहां से प्रतिदिन झारखंड, ओडिशा के साथ रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर के लिए सौ से अधिक बसें रवाना होती हैं और यहां पहुंचती है। ऐसे में इस छोटे से बस स्टैण्ड में यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। यात्रियों को सर्वसुविधा युक्त बस स्टैण्ड का लाभ देने के लिए नगरपालिका ने 10 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया है और प्रस्तावित बस स्टैण्ड के लिए जमीन का चयन भी कर लिया है। इसके साथ ही 5 करोड़ का ऑडोटोरियम सहित 7 करोड़ के अन्य विकास कार्यों के संबंध में भी उप मुख्यमंत्री अरूण साव से विस्तार से चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने इन सभी प्रस्ताव का परीक्षण और अधिकारियों से चर्चा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


