जशपुर

दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर पुरस्कार शुरू करने पर विचार करेगी राज्य सरकार
08-Mar-2024 9:37 PM
दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर पुरस्कार शुरू करने पर विचार करेगी राज्य सरकार

प्रियंवदा की पहल पर सीएम ने दिया आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 8 मार्च। पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री और जशपुर राज परिवार के सदस्य कुमार दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर राज्य स्तरीय पुरस्कार शुरू करने पर राज्य सरकार गंभीरता पूर्वक विचार करेगी। 8 मार्च को दिवंगत जूदेव की जयंती के अवसर पर, बड़ी बहू नगरपालिका जशपुर की पूर्व उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह जूदेव के साथ चर्चा करते हुए यह आश्वासन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया।

दरअसल, प्रियंवदा सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री साय रायपुर स्थित सीएम निवास में सौजन्य मुलाकात करने पहुंची थी। यहां मुख्यमंत्री साय ने दिलीप सिंह जूदेव के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ प्रियंवदा सिंह जूदेव, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, भाजपा के जशपुर जिले के महामंत्री ओमप्रकाश सिन्हा भी उपस्थित थे। श्रीमती जूदेव ने मुख्यमंत्री साय को उनके ससुर दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर पुरस्कार शुरू करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव ने पूरा जीवन विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा सहित जनजातीय समाज के संरक्षण और विकास के लिए समर्पित किया था। मुख्यमंत्री ने उनके सुझाव की सराहना करते हुए,सरकार के स्तर पर विचार कर,निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने, दिलीप सिंह जूदेव के साथ व्यतीत किये गए पलों की स्मृति साझा करते हुए बताया कि उन्हें राजनीति में लाने का श्रेय कुमार दिलीप सिंह जूदेव को ही है। जूदेव ने उन्हें पहले उन्हें तपकरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़वा कर, अविभाजित मध्यप्रदेश के विधानसभा में भेजा। इसके बाद उनके आशीर्वाद से ही 4 बार लोकसभा सांसद रहे।

उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव जैसे महानायक विरले ही होते हैं। आज भले ही वे सशरीर हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन राज्य सरकार उनके बताये हुए मार्ग पर चलते हुए, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के सपने का सकार करने में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट