जशपुर

सीएम ने सोगड़ा आश्रम में की पूजा-अर्चना
29-Dec-2023 3:12 PM
सीएम ने सोगड़ा आश्रम में की पूजा-अर्चना

औघड़ संभव रामजी का लिया आशीर्वाद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 29 दिसंबर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज ग्राम सोगड़ा में स्थापित आस्था का  केंद्र सोगड़ा आश्रम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आश्रम  में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। 

सीएम ने आश्रम परिसर में स्थापित परमपूज्य अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। उन्होंने सोगड़ा आश्रम के वर्तमान उत्तराधिकार परम पूज्य औघड़ संभव राम जी (गुरुपद) से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत और गोमती साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, राजू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।

जशपुर नगर जिला मुख्यालय से लगभग 12 किमी दूर ग्राम सोगड़ा में स्थापित सोगड़ा आश्रम आस्था का केंद्र हैं। विश्वप्रसिद्ध इस आश्रम का दर्शन करने पूरी दुनिया से लोग यहां पर आते हैं। परमपूज्य अवधूत भगवान राम जी इस आश्रम के संस्थापक के साथ ही  सर्वेश्वरी समूह, बाबा भगवान राम ट्रस्ट और अघोर परिषद ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं। परमपूज्य औघड़ गुरुपद संभव राम जी वर्तमान में परमपूज्य अवधूत भगवान राम जी के उत्तराधिकारी हैं।

साय का वनवासी कल्याण आश्रम में स्वागत
सीएम साय का वनवासी कल्याण आश्रम जशपुर नगर पहुंचने पर आज पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव का पुण्य स्मरण किया। 

सीएम ने वनवासी कल्याण आश्रम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कल्याण आश्रम द्वारा वनवासियों के हितों के संरक्षण और उनकी बेहतरी के लिए यहां चलायी जा रही गतिविधियां प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री ने अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि आश्रम की गतिविधियों से मेरे जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। आश्रम वनवासियों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन की अलख जगाने के लिए निरंतर प्रयासरत् है और अंचल के जनजातीय समुदाय को इसका लाभ मिल रहा हैं। गौरतलब है कि जशपुर नगर में वनवासियों के कल्याण के लिए 1952 में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना की गई थी।

आतिशबाजी से कुनकरी में दीवाली सा माहौल 
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ग्रामीणों से मिलने पहली बार अपने गृह जिले जशपुर के विभिन्न गांवों में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। अपनी माटी के लाल की एक झलक पाने के लिए शाम से ही लोग पलक-पावड़े बिछाकर उनका इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों का उत्साह देखकर सहज ही यह अनुभूति हो रही थी कि उनका कोई अपना प्रदेश का मुखिया बना है। लोग अपने विशिष्ट अंदाज में मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्साहित थे। पुष्प वर्षा, फूलों के हार और विजय तिलक लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। खुली जीप से उतर कर मुख्यमंत्री बड़ी आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात करते रहे। इस अवसर पर विधायक गोमती साय भी मौजूद थीं।

ढोल नगाड़ों संग किया स्वागत
मुख्यमंत्री के जशपुर जिले के दुलदुला ब्लॉक के चिरईटांड पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के बीच ग्रामीणों ने जोशीले नारों और भरपूर ऊर्जा के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने पूरी विनम्रता के साथ ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया। ग्राम सलिहाटोली पहुंचने पर महिलाओं ने तिलक लगाकर और आरती उतारकर अपने बगिया के फूल मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 

रोड शो में उमड़ी भीड़, उत्साह देखकर सीएम गाड़ी से उतर गए
कुनकुरी के रोड शो में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लोगों का उत्साह देखकर उनसे मिलने गाड़ी से उतरे, लोगों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उनकी झलक पाने के लिए महिलाएं और बच्चे घरों से निकलकर बाहर सडक़ों पर आ गए। लगातार आतिशबाजी से कुनकुरी में दिवाली जैसा माहौल दिखा। बड़े बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढक़र मुख्यमंत्री का स्वागत किया। लोगों का स्नेह और सम्मान देखकर मुख्यमंत्री भाव विभोर हो उठे। रोड शो के दौरान लोग हाथों में अपने परिवार के नाम की तख्तियां लिये खड़े थे। 

महिलाओं ने पुष्पहार और तिलक लगा किया स्वागत 
इस मौके पर कुनकुरी के शासकीय बालक मीडिल स्कूल मैदान में अग्रवाल समाज द्वारा मुख्यमंत्री साय को लड्डुओं से तौला गया। लोगों ने जोरदार आतिशबाजी कर अपनी भावनाएं जाहिर की। कुनकुरी नगर पंचायत के डुगडुगिया चौक में महिलाओं ने पुष्प वर्षा के बीच पुष्पहार, आरती कर विजय तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री को देखने  जवान बुजुर्गों समेत बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री से मिलने लोगों में खुशी और हर्षोल्लास का माहौल दिखा। डुगडुगिया में चौक सौंदर्यीकरण कार्य का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। चौक में फाउन्टेन लगाया गया है। क्षेत्र के लाडले मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र आने के खुशी में यहां ग्रामवासियों द्वारा मेवा, मिष्ठान व लड्डुओं से तुलादान किया गया।

हर सुख-दुख में वे ग्रामीणों के सहभागी रहे
गौरतलब है कि काफी लंबे समय से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अंचल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हर सुख-दुख में वे ग्रामीणों के सहभागी रहे। उनके सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे अंचलवासियों के बीच लोकप्रिय हैं। अपने मृदुभाषी और आत्मीय व्यवहार के कारण वे सहज ही लोगों के दिलों में बसे हैं। लोगों को उनके साथ संवाद स्थापित करने में अपनेपन की अनुभूति होती है और उनके समक्ष लोग अपनी बात रख पाते हैं।
 


अन्य पोस्ट