जशपुर

बर्थडे पार्टी में महिला से रेप, भाजपा नेता गिरफ्तार
12-Jun-2023 4:17 PM
बर्थडे पार्टी में महिला से रेप, भाजपा नेता गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर, 12 जून।
जिले में एक बर्थडे पार्टी में पहाड़ी कोरवा जनजाति की महिला से रेप का मामला सामने आया है।

पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता सरजू पैकरा को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। रेप की घटना 3 दिन पुरानी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता और सामरबहार का पूर्व जनपद पंचायत सदस्य सरजू पैकरा बगीचा थाना क्षेत्र में आयोजित एक परिचित की बर्थडे पार्टी में गया था। वहीं पर राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले विशेष जनजाति पहाड़ी कोरवा की महिला भी अपने बच्चों के साथ आई हुई थी। बर्थडे पार्टी में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी का फायदा उठाकर बीजेपी नेता महिला का मुंह दबाकर उसे घर से कुछ दूर ले गया और रेप किया।

महिला को वहीं छोडक़र भागा आरोपी
घटना के बाद आरोपी बीजेपी नेता महिला को वहीं पर छोडक़र फरार हो गया। सुबह-सुबह जब मनरेगा में काम करने जा रही महिलाओं ने पीडि़ता को देखा, तो इसकी जानकारी उन्होंने उसके घर वालों को दी। पीडि़ता के परिजन उसे लेकर घर आए। यहां महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पीडि़ता और उसका परिवार थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

महिला बोली- पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया
पीडि़ता का आरोप है कि पुलिस ने पहले तो मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उसे रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन राजनीतिक गलियारों में जैसे ही घटना का पता चला, वैसे ही पुलिस पर दबाव बढ़ा। पुलिस के उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद बगीचा पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता और सामरबहार के पूर्व जनपद सदस्य सरजू पैकरा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने की है।


अन्य पोस्ट