जशपुर

जशपुर में निकाली माता की 108 फीट लंबी चुनरी यात्रा
03-Oct-2022 2:57 PM
जशपुर में निकाली माता की 108 फीट लंबी चुनरी यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 अक्टूबर।
जशपुर जिले में नारी शक्तियों ने माता की 108 फीट लंबी चुनरी यात्रा निकाली  सप्तमी के मौके पर शहरवासियों द्वारा माता की चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। इस चुनरी यात्रा में सैकड़ों की संख्या में शहर के महिला-पुरुष शामिल हुए। चुनरी यात्रा के लिए श्रद्धालु रणजीता स्टेडियम में जुटे।

दोपहर 2.30 बजे यहां से माता की 108 फीट लंबी चुनरी को थामे श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण किया। चुनरी यात्रा की अगुवाई माता की भव्य झांकी के साथ किया गया।
इस झांकी में नौ कन्याओं में माता के नौ रूपों में श्रृंगार कर बैठाया गया था। चुनरी यात्रा रणजीता स्टेडियम से निकलकर पुरानीटोली, बस स्टैंड, महाराजा चौक होते हुए देवीगुड़ी पहुंची। यहां माता को 108 फीट की चुनरी चढ़ाई गई।
इसके बाद काशी से पहुंचे पुरोहितों द्वारा माता के मंदिर के सामने भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मेरठ से पहुंची विशेष देव झांकी आकर्षण का केन्द्र रहा।


अन्य पोस्ट