जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 23 जुलाई। जिले में तेज बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से महिला की मौत हो गई है, वहीं 2 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पत्थलगांव बिलईटांगर मस्जिद के सामने शिव फर्नीचर के घर की दीवार बगल के घर में गिर गई, जिससे घर में सो रही महिला के साथ दो लोग घायल हो गए, वहीं पास में नल में पानी भर रही एक महिला की दबे रहने से मौत हो गई। दबी महिला को कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में किया जा रहा है, महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात पूरा परिवार सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर की दीवार का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना में 60 वर्षीय स्वाति रजक दीवार के मलबे के नीचे दब गयी, वहीं 5 साल की नंदनी और 40 साल का संजय भी मलबे की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गये।
मकान गिरने आवाज से आस पास के लोग मदद के लिए आये। आनन-फानन में ईंटों को हटाया गया, लेकिन तब तक स्वाति रजक की मौत हो चुकी थी। घायल बच्ची और युवक को पत्थलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी हैं।


