जशपुर

पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा, कई आयोजन
19-Nov-2021 7:57 PM
पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा, कई आयोजन

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पत्थलगांव, 19 नवंबर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी के 552वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख समाज द्वारा पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। स्थानीय गुरुद्वारा में शबद कीर्तन के साथ कई आयोजन हुए।

जयंती पर गुरुद्वारा को फूल माला, आकर्षक बिजली रौशनी से सजाया गया था। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में शबद कीर्तन किया गया, उसके बाद लंगर में सिख धर्म एवं सर्व समाज के लोग शामिल हुए। दोपहर 3 बजे गुरुद्वारे से धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई।

 पत्थलगांव के ह्रदय स्थल इंदिरा चौक को गुरूनानक देव जी के पोस्टर, फूल एवं आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया था। शोभायात्रा बस स्टैंड से जशपुर रोड के लिए निकली, जिसमें पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई।

पंज प्यारों के पीछे आकर्षक वेशभूषा में युवा व सिख समुदाय की महिलाएं-बच्चे चल रहे थे। जगह-जगह अन्य समाज के लोगों के द्वारा स्टाल लगाकर शोभायात्रा के साथ चल रहे भक्तों के लिए पानी-नाश्ते का प्रबंध किया गया था।

तहसीलदार रामराज सिंह, नायब तहसीलदार प्रीति शर्मा, एसडीओपी अलीम खान, थाना प्रभारी एनएल राठिया, एसआई ललित सिंह नेगी एवं अन्य पुलिस कर्मी शोभायात्रा के साथ साथ चलते रहे। यातायात विभाग सुबह से शहर की यातायात व्यवस्था में लगा रहा। गुरुनानक देव जी की शोभायात्रा तीनों मार्गों से गुजरते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंची।


अन्य पोस्ट