गरियाबंद
कांग्रेस ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष को भेजा आमंत्रण
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजिम, 11 जून। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रूपेश कुमार साहू ने भाजपा किसान मोर्चा जिला गरियाबंद के जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुवा को 12 जून को आयोजित किसान हितैषी धरना-प्रदर्शन एवं ट्रैक्टर रैली में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा है।
जारी आमंत्रण पत्र में बताया गया है कि वर्तमान खरीफ सीजन में किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं निजी खाद विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बिक्री किए जाने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने तथा वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर फिंगेश्वर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं भारतीय किसान यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में 12 जून को राजिम स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में धरना-प्रदर्शन एवं ट्रैक्टर रैली आयोजित की जाएगी।
उन्होंने अपने आमंत्रण पत्र में कहा है कि किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दे किसी एक दल या संगठन तक सीमित नहीं हैं। किसान हित एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। इसी उद्देश्य से भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुवा एवं उनके संगठन को भी कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है।


